आइए हाथ उठाएँ हम भी

My Photo
Name:
Location: हैदराबाद, तेलंगाना, India

बेहतर इंसान बनने के लिए संघर्षरत; बराबरी के आधार पर समाज निर्माण में हर किसी के साथ। समकालीन साहित्य और विज्ञान में थोड़ा बहुत हस्तक्षेप

Monday, December 07, 2015

रोते हो, इसलिए लिखते हो


पटना गया था। भाषा और शिक्षा पर साउथ एशिया यूनिवर्सिटी के एक सेमिनार में बोलने के लिए। इसके पहले पटना होकर कई बार गुजरा हूँ, पर यह पहली बार एक रात रुका। सुबह सवा चार बजे उठा था तो सिर दुख रहा था। जैसे तैसे भाषण देकर और सवाल जवाब से फारिग होकर कालिदास रंगालय पहुँचा कि साथियों को सलाम कह दूँ, पर वहाँ फिल्म चल रही थी और फिल्म में बैठने लायक हालत में नहीं था। तो अपने होटल आ गया। अगले दिन बड़ी मुश्किल से तीन-तीन घंटे के देर से चली फ्लाइट्स से वापस पहुँचा। गाँधी मैदान का इलाका देखकर लगा कि असली भारत में आ गए हैं। पर असली भारत को बदलना भी है न!


बहरहाल 'चकमक' में 'लाल्टू से बातचीत' शृंखला का एक हिस्सा सही चित्र न बन पाने से छूट गया है, अगला हिस्सा दिसंबर अंक में निकल चुका है, यहाँ पेस्ट कर रहा हूँ।


रोते हो, इसलिए लिखते हो


राधिका की ओर देखते ही मेरी नज़र दरवाजे के ऊपर दीवार पर गई। वहाँ एक मकड़ा था। लगा जैसे वह छलाँग मारने को है। मैंने कहा, 'अरे! देखना, ऊपर एक मकड़ा है।'

राधिका घबराती सी जल्दी आगे को बढ़ आई। उसने सँभलते हुए चाय नीचे रखी। फिर हम सब मकड़े की ओर देखने लगे। मकड़ा भी शायद हमें देख रहा था। वह उछला नहीं। मैंने कहा, 'देखो! कैसे देख रहा है! हमें डरा कर खुश हो रहा है?'

सुनते ही, लाल्टू तुरंत बोला, 'आपको कैसे मालूम कि वह खुश हो रहा है?'

मैं समझ नहीं पा रहा था कि क्या कहूँ। लाल्टू आगे बढ़ कर दरवाजे तक गया और उछलकर मकड़े से कहा, 'हलो, मकड़ू-वकड़ू।' और वह उछलता रहा।

मैंने कहा, 'अरे, ऐसे क्यों कर रहे हो?'

उसने कहा, 'तुम्हें एक बात बतलाऊँ?'

- 'हाँ, बतलाओ।'

-'इस मकड़े की न, मम्मी नहीं है।'

-'तुम्हें कैेसे मालूम?'

उसने मेरी ओर ऐसे देखा कि मैं कैसा आदमी हूँ, जिसे इतनी सी बात भी नहीं मालूम है! -'मम्मी होती तो उसको ऐसे अकेले-अकेले यहाँ आने थोड़े देती?'

वाजिब बात थी। मैंने कहा, 'पर वह बच्चा थोड़े ही है। वह तो बड़ा मकड़ा है।'

वह सोच में पड़ गया और फिर बोला -'तुम्हें एक बात बतलाऊँ?'

- 'हाँ, बतलाओ।'

-'अनि पता है क्या कहता है?'

-'अनि कौन?'

राधिका दूसरे कमरे चली गई थी, वहीं से हमारी बातें सुन रही होगी। उसने दूर से ही कहा, 'अनि इसके स्कूल में पढ़ता है।'

'तो, क्या कहता है अनि?'

वह अचानक हँसने लगा था और दरी पर हँसते हँसते लोट रहा था। 'अनि ने ना, मैम से पूछा कि बच्चों की देखभाल तो बड़े करते हैं, पर जो बड़े होते हैं, जो बूढ़े हो जाते हैं, उनकी देखभाल कौन करता है?'

-'तो इसमें हँसने की क्या बात है? सही सवाल है। तो मैम ने क्या कहा?'

पर उसने मेरे सवाल पर ध्यान नहीं दिया। झल्लाते हुए उसने पूछा, 'बड़ों की भी कोई देखभाल करता है? बड़े लोग क्या रोते हैं?'

'तो तुम्हें क्या लगता है सिर्फ उन्हीं की देखभाल करते हैं, जो रोते हैं। तुम्हारी देखभाल क्या तभी होती है, जब तुम रोते हो?'

पर वह वहीं अटक गया था। - 'बड़े लोग रोते नहीं हैं।'

-'अरे हाँ भाई, बड़े भी रोते हैं।'

-'तुम रोते हो?'

-'हाँ, रोता हूँ।'

-'कहाँ रोते हो, मैंने तो देखा नहीं!'

मैंने नकली रोने का नाटक किया। थोड़ी देर वह भौंचक था। फिर चिल्ला कर बोला,'तुम ऐसे ही कर रहे हो, तुम रो नहीं रहे हो।' वह पास आकर मेरे कंधे पर मुक्के मारने लगा।

अचानक मुझे एक बात सूझी। मैंने कहा, 'तुम उस दिन पूछ रहे थे न कि मैं लिखता क्यों हूँ? मैं इसलिए लिखता हूँ कि मैं रोता हूँ।'

अब तो वह चुप हो गया। उसे समझ नहीं आया कि मैंने क्या कहा था। फिर वह धीरे-धीरे बोला, 'तुम रोते हो, इसलिए लिखते हो?'

Labels: ,

Monday, November 23, 2015

लिखो, छुओ

लाल्टू से बातचीत

लाल्टू के माता-पिता उसे लेकर मेरे घर आए। मैंने दरवाजा खोला तो लाल्टू के पापा ने उससे कहा, 'लाल्टू जी को नमस्कार कहो।'
लाल्टू थोड़ी देर चुप मेरी ओर देखता रहा। फिर कहा, 'अरे! लाल्टू तो मैं हूँ।' हम सब हँस पड़े। अदंर आते हुए लाल्टू के पापा ने कहा, 'तुम्हें बतलाया तो था कि इनका नाम भी लाल्टू है।'
लाल्टू को यह जानकर अचरज हुआ कि मेरा नाम भी लाल्टू है।
वह सिर घुमा कर कहता रहा - 'नहीं, तुम्हारा नाम लाल्टू नहीं है।'
देर तक मेरा 'हाँ, है' और उसका 'नहीं, है' चलता रहा। कभी वह धीरे से कहता, 'नहीं, है', तो मैं धीरे से कहता, 'हाँ, है।' कहते हुए उसका सिर धीरे से हिलता। कभी वह तेजी से कहता, 'नहीं, है', तो मैं भी तेजी से कहता, 'हाँ, है।' वह नाराज़ होता तो मैं नाराज़ होता, वह हँसकर कहता तो मैं हँसकर कहता। आखिरकार उसने जीभ निकालकर मुझे चिढ़ाते हुए कहा, 'दो लोगों का एक नाम भी होता है!'
मैं थोड़ी देर तो समझ नहीं पाया कि कैसे उसे जवाब दूँ। फिर मैंने कोशिश की, 'क्यों, तुम अपनी मम्मी को कैसे पुकारते हो?' उसने कहा, 'मम्मा!'
मैं अपनी माँ को 'माँ' कहता हूँ, पर मैंने उससे झूठ कहा, 'मैं भी अपनी मम्मी को 'मम्मा' कहता हूँ, तो तुम्हारी मम्मी और मेरी मम्मी दोनों का एक नाम हुआ कि नहीं?'
उसने कहा, 'मम्मा तो छोटे बच्चे कहते हैं, बड़े थोड़े ही कहते हैं?'
- 'मैं तो कहता हूँ,' मैं अड़ गया।
वह मेरे पास आया और उसने धीरे से कहा, 'मेरी मम्मी का एक और नाम भी है?'
मैं झुककर अपना कान उसके पास ले गया और फिसफिसाते हुए पूछा, 'क्या नाम है तुम्हारी मम्मी का?'
वह घूमकर इधर-उधर देखने लगा, फिर यह कहते हुए बैल्कनी की ओर भाग गया, 'मैं नहीं बतलाता।'

लिखो, छुओ

मैं कुछ लिख रहा था और वह पास आकर बैठ गया।
उसने पूछा, 'तुम लिखते क्यों हो?'
मैंने कहा कि मैं लिखता हूँ, क्योंकि मैं औरों को छूना चाहता हूँ।
उसने जैसे सही सुना कि नहीं तय करने के लिए पूछा, तो लिख कर तुम औरों को छू लेते हो?
- 'हाँ, मेरा लिखा जब वे पढ़ते हैं तो प्रकाश की किरणें उनकी आँखों तक मेरी छुअन ले जाती हैं।
जब मैं बोलता हूँ, मेरी आवाज़ सुनने वालों को मैं छू लेता हूँ, आवाज़ मेरे होठों को उनके कानों तक ले जाती है।'
यह सुनकर उसने अपने कानों को हाथों से छुआ। फिर वह आगे बढ़कर मेरे पास आया और मेरा दाँया हाथ पकड़कर उसे अपने बाँए कान तक ले गया।
वह थोड़ी देर सोचता रहा। फिर पूछा, 'पर हर कोई तो तुम्हारा लिखा पढ़ता नहीं है?'
-'तो?'
वह सोच रहा था। मैंने कहा, 'कभी-कभी मैं बस खुद को छूने के लिए लिखता हूँ।'
वह हँस पड़ा। कहा, 'खुद को छूने के लिए लिखने की क्या ज़रूरत? उंगलियों से छुओ न?'
- 'उंगलियों से भी छूता हूँ, पर कभी-कभी लिख कर छूता हूँ।'
-'
प्रकाश की किरणें तुम्हारा लिखा तुम्हारी आँखों तक ले जाती हैं?'
- 'हाँ, पर कभी-कभी बिना पढ़े भी मैं अपने लिखे से खुद को छू लेता हूँ।'
वह फिर सोच में पड़ गया। फिर वह दौड़कर सोफा पर चढ़ गया और कूदने लगा। कूदते हुए वह गा रहा था -'लिखो, छुओ, लिखो, छुओ, लिखो, छुओ...'। साथ में मैं भी गाने लगा, 'लिखो, छुओ, लिखो, छुओ, लिखो, छुओ...।'                  (चकमक - नवंबर 2015)

Labels: ,

Sunday, February 22, 2015

नई संस्कृति में मैं उसके साथ

आज जनसत्ता में प्रकाशित


नई संस्कृति का दूध


उसे शबनम मेरे पास क्यों ले आई थी मुझे नहीं मालूम। शायद शबनम के मन में कहीं से यह बात जम गई थी कि विज्ञान पर बात करनी हो तो मुझसे काम निकल सकता है या यह भी हो सकता है कि मैं उसके साथ औरों से बेहतर पेश आता होऊँ। उसे मेरे पास छोड़ कर दो चार बातें कहकर ही वह चली गई थी। उस पहली मुलाकात के दौरान मैं उसके साथ सज्जनता से पेश आया। बाद में वह दो चार बार फिर आया और हर बार मैंने पहले से अधिक परेशान लहजे में बात की। पहली बार मेरे मन में सचमुच उसके प्रति कोई नाराज़गी नहीं थी। अच्छा भी लगा होगा कि शबनम को लगा कि ऐसे आदमी को मेरे पास लाए। उसके प्रति मेरी थोड़ी सहानुभूति भी थी क्योंकि उसने बतलाया था कि ग़रीबी के कारण वह स्कूल की पढ़ाई पूरी नहीं कर पाया था। मैं उसे डाँट कर कहता कि वह अंधविश्वासों को विज्ञान नहीं कहे तो उसके चेहरे पर उभरते आक्रोश के बावजूद उसमें बच्चों जैसी सरलता झलकती। मैंने उसे दुबारा स्कूल की पढ़ाई शुरू करने को कहा तो उसका चेहरा तमतमा उठा था। मैं समझ गया था कि स्कूली पढ़ाई को लेकर उसके मन में गहरा आक्रोश है। पर जो उसने कहा वह चौंकाने वाली बात थी। उसका मानना था कि स्कूल में जो पढ़ाया जाता है वह सब ईसाई अंग्रेज़ों और मुसलमानों का रचा झूठ है। यह बात इतनी अजीब थी कि मैं उससे आगे क्या बात करूँ मेरी समझ में नहीं आया।

बाद की मुलाकातों में उसका आना जैसे इस अहसास का बढ़ते रहना था कि आखिर मैं ही क्यों? शबनम उसे किसी और के पास भी तो ले जा सकती थी। एक बार मैंने शबनम से कहा कि यार तुम अजीब हो; ऐसे बंदे को मेरे पास क्यों ले आई; तुम्हें समझ नहीं आया कि यह तुम्हें दुश्मन मानता है? शबनम ने मुस्करा कर कहा था कि इसीलिए तो...! और यह शबनम की पुरानी शैली थी, तिरछी मुस्कान से हमें काबू करने की, जिसके बाद कोई कुछ कह नहीं सकता था।

असल में मैं उससे डरने भी लगा था। ऐसा नहीं कि वह खुद कोई बदमाश हो। दरअसल उसका खुद बदमाश न होना ज्यादा डराने वाली बात थी। उसने खुद को ऐसे विषयों का पंडित मान लिया था, जिनके बारे में उसे कोई समझ न थी, पर वह अपनी समझ कई औरों तक ले जाने में काबिल था और मुझे यह जानकारी मिल गई थी कि उसके साथ पूरी एक टीम है। उसके संगी साथी उतने भोले न थे जितना वह लगता था। तीसरी चौथी बार मिलने के बाद अगर बैठक में हमारी बातचीत के दौरान मेरे परिवार का कोई आ जाता तो मैं जैसे सदमे में आ जाता कि किसी तरह वह तुरंत वापस कमरे के अंदर जाए। पर मैं उसके सामने अपना डर दिखलाना न चाहता था। मैं उसे पूरे दम के साथ कहता कि वह अपनी बकवास बंद करे और मेरा और अपना वक्त बर्बाद न करे। पहली बार जब वह शबनम के साथ आया था मैंने दोनों को चाय नाश्ता भी खिलाया था। दूसरी बार शायद उससे पूछा होगा। बाद में मैंने पूछना भी बंद कर दिया था। हालाँकि शबनम कभी मिलती और मैं शिकायत करता कि कैसे उसने मेरा वक्त बर्बाद किया है तो उसका रवैया ऐसा होता कि जैसे उस बंदे को किसी और के पास न ले जाकर मुझसे मिलाकर उसने मेरे प्रति कोई अहसान किया है; वह जता देती थी जैसे वह मुझे विशेष रुतबा दे रही है। शायद उसे ऐसा लगता था जैसे उसकी इस करतूत से मेरे अहं को सुकून मिला है। मैं मन ही मन उसे कोसता रह जाता।

अब लगता है कि डरते हुए भी मैं उससे मोहित हो रहा था। उसका यह मानना कि वह उन विषयों पर गहरी जानकारी रखता है जिनके बारे में दरअसल वह कुछ नहीं जानता था, मुझे उसके प्रति आकर्षित कर रहा था। आखिर खुद मुझमें वर्षों की पढ़ाई लिखाई के बाद भी ऐसा आत्म-विश्वास न आया था, जैसा उसमें मुझे दिखता था। उसने मुझे बतलाया था कि उसके ज्ञान का रहस्य पढ़ना लिखना नहीं बल्कि उसका वह सपना था जिसमें शिव भगवान ने उसे वर दिया था कि वह सारे कठिन सवालों का जवाब जान जाएगा। इसलिए अब उसके पास उन सारे सवालों के जवाब थे, जो उन जानकार लोगों के पास भी न होंगे जिन्होंने इन सवालों पर शोध किया होगा, अगर उन्होंने इन सवालों को शोध करने लायक माना हो। हाँ, उसके कई सवाल जिनके जवाब उसके पास थे, ऐसे ही थे जिनपर हमारे जैसे समझदार लोग माथापच्ची नहीं करते। जैसे लोग किसी पुल पर से गुजरते हुए सिक्के पानी में क्यों फेंक देते हैं, शनिवार के दिन तेल में सिक्का डाल कर लोग भीख क्यों माँगते हैं, आदि। जन्म मृत्यु के दीगर गंभीर सवालों के साथ ही उसके पास ऐसे अनगिनत सवालों के जवाब थे, जिन्हें हम सुना-अनसुना कर भूल जाते हैं। उसने बतलाया था कि उस सपने के आने के पहले और बाद में उसने कठिन साधना की है। इसलिए यह मानना ग़लत था कि उसे बिना मेहनत के ही जवाब मिल गए थे। वह हर दिन सुबह और शाम एक एक घंटे ध्यान पर बैठता था।

मैंने उससे ऐसे कई सवालों के अनोखे जवाब सुने, जिन्हें मैंने कभी सवाल ही नहीं माना था। कभी-कभी मैं अपने दोस्तों से हँसते हुए उसकी और उसके इन सवालों और जवाबों की चर्चा करता, पर एक दो बार मैंने उसे सड़क पर अपने चेलों के साथ देखा तो मुझे फिक्र हुई कि उसे पता न चल जाए कि मैं उसका मजाक उड़ाता हूँ। उसके चेलों के चाल-ढंग में आक्रामक तेवर थे। एक दो के पास मोटरबाइक थी।

यह जानकारी मुझे अपने घर काम करनेवाली स्त्री से मिली कि वह उनकी कॉलोनी में रहने लगा है और वहाँ नियमित रूप से सभाएँ होती हैं, जिनमें आसपास के शोहदे इकट्ठा होते हैं। जब मैंने पूछा कि वह क्या बातचीत करते हैं तो अचंभा इस बात का था कि उसने इन शोहदों और दीगर लोगों को भी वही सब बातें सुनाई थीं जो उसने मुझे बतलाई थीं कि आम लोगों के कर्म-कांडी रस्म, जिन्हें मेरे जैसे लोग अंधविश्वास मानते हैं, वे सब विज्ञान पर आधारित हैं। वे उसका सम्मान करते थे और उसके साथ और इलाकों में जाते जहाँ वह सभाएँ कर लोगों को वहीं बाते बतलाता कि सनातनी रस्मों का तार्किक आधार है। कुछ ही दिनों में उसके यहाँ भजन मंडली भी इकट्ठा होने लगी थी और फिर एक दिन किसी ने बतलाया कि वहाँ तो आश्रम खुल गया है।

एक दिन किसी काम से मैं उस कॉलोनी के पास से गुजर रहा था तो दूसरी ओर से शबनम आती दिखी। वह मोपेड पर सवार बीट पर जा रही थी। मुझे देखकर वह रुकी और उसने कहा कि बाबा सिरीधर के यहाँ मुख्यमंत्री आने वाले हैं, वहाँ जा रही है। पूछने पर समझ में आया कि यह तो वही था, उसने अपना नाम श्रीधर बाबा रख दिया था, हालाँकि उसका असली नाम राजिंदर था। मैंने आश्चर्य प्रकट किया और शबनम को याद दिलाया तो उसे जैसे अचानक याद आया कि साल भर पहले वह बाबा सिरीधर को लेकर मेरे पास आई थी। वह भूल ही गई थी कि उसी ने मुझसे इस बाबा बने भूतपूर्व जिज्ञासु को मुझसे मिलाया था। मैं मन ही मन रिपोर्टरों में गंभीरता के अभाव पर सोचता रहा। शबनम ने मुझे भी साथ आने को कहा। अखबारों के रिपोर्टर ऐसा करते हैं। उन्हें लगता है कि हम प्रोफेसर टाइप के लोग सब एक जैसे होते हैं और वेहले ही घूमते रहते हैं। कोई बहाना बनाकर मैं उससे छूटा। तब तक दूर से माइक पर आवाज़ें आने लगी थीं। शबनम को भी जल्दी थी कि वह सभा में पहुँचे।

मैं चलते हुए माइक से आती आवाज़ों को सुनने की कोशिश कर रहा था। पर वह रूटीन सी बातें थीं जैसी ऐसी किसी भी सभा से आती हैं। फिर कोई भजन गाने लग गया और मैं अपने काम पर आगे निकल गया। लौटते हुए अंजाने में ही मैं कोई धुन गाते हुए आ रहा था। अचानक मुझे अहसास हुआ कि यह उस भजन की धुन थी जो मैंने जाते हुए सुनी थी। कोई अजीब बात नहीं थी, फिर भी मुझे कोफ्त हुई और मैं सचेत होकर कोई और धुन गुनगुनाने लगा। पर थोड़ी देर में मैं वापस उसी धुन पर था।

इस घटना के बाद कई महीने बीत गए। इसी बीच शहर की उस कॉलोनी में बाबा का आश्रम बढ़ता चला। अलग-अलग राजनैतिक दलों के नेता वहाँ आते और बाबा सिरीधर से आशीर्वाद माँगते। बाबा का बढ़ता प्रभाव उसके भक्तों पर नशे की तरह काम कर रहा था। वे आपस में बातें करते कि बाबा ने देश और धर्म के लिए जो कष्ट सहे हैं, उससे बड़े-बड़े नेता, साइंटिस्ट, डॉक्टर और समाज के कई वर्गों के लोग उनसे प्रभावित हैं।

साल गुजरने के बाद पता चला कि बाबा के आश्रम में कुछ पैसों का घपला हुआ है और भक्तों के दो गुटों में संघर्ष छिड़ गया। पराजित गुट में से एक ने दावा किया है कि बाबा सिरीधर के करीब रहे कुछ लोग अनैतिक कामों में लिप्त हैं और यहाँ तक कि वे हाल में हुए किसी हत्याकांड से भी जुड़े हैं। उसके बारे में सोचने की कोई वजह मेरे पास नहीं थी, पर एक बार जब विभाग में वार्षिक सिंपोज़ियम के लिए कुलपति के न आ पाने पर किसी अध्यापक ने सुझाव रखा कि सिरीधर बाबा को बुलाया जाए तो मैंने मुखर होकर विरोध किया।

दूसरे पक्ष का तर्क था कि बाबा सिरीधर ने प्राचीन भारतीय विज्ञान पर बहुत काम किया है और कई पत्रिकाओं मे उसके लेख आते रहे हैं। यह सुनकर मैं अचंभे के अहसास से खुद को सँभाल ही रहा था कि किसी ने कह दिया कि सिरीधर बाबा ने अक्सर अपनी सभाओं में मेरा नाम लिया है और अपने तर्कों के समर्थन में मेरे साथ हुई चर्चाओं का ज़िक्र किया है। गुस्से के मारे मुझसे कुछ कहा नहीं जा रहा था। आखिरकार उसे नहीं बुलाया गया, पर मैं इस अनुभव से बहुत परेशान हो गया। मैंने सपने में देखा कि मैं उसे डाँट रहा हूँ और वह गुस्से में मेरी ओर लाल आँखें कर ताक रहा है। घबराकर मैं जाग जाता। ऐसा दो चार रात होता रहा। फिर धीरे-धीरे वह मेरे दिमाग से उतर गया।

आज जब शबनम ने मुझे बतलाया कि बाबा सिरीधर की साँप के काटने पर मौत हो गई तो सबसे पहले मुझे वही घटना याद आई कि कैसे मैं उस भजन की धुन से छूट न पा रहा था। खैर, हुआ यह कि राजिंदर उर्फ बाबा सिरीधर साँप के दूध पीने का कोई तर्क दे रहा था, जब किसी ने कह दिया कि साँप तो दूध पीता ही नहीं। यह सुनकर उसने किसी से कहकर साँप मँगवाया और उसे दूध पिलाने की कोशिश की। जब साँप ने दूध पिया नहीं तो उसने ज़बरन साँप की गर्दन पकड़ कर उसे पिलाने की कोशिश की। वह साँप को डाँट फटकार कर समझा रहा था कि उसे दूध पी लेना चाहिए। जो सपेरा साँप लेकर आया वह चीखता रह गया कि साँप के अभी ताज़ा नए दाँत निकल आए हैं और वह ज़हरीला हो सकता है। पर भीड़ के शोर में सपेरे की आवाज़ दब गई। लोगों को लगा कि बाबा चमत्कार दिखा रहे हैं और जब तक किसी ने स्थिति को समझकर ऐंबुलेंस बुलाई, राजिंदर मर चुका था। शबनम का कहना था कि कॉलोनी में भीड़ पर नियंत्रण करना मुश्किल हो गया है और लोगों में बहस जारी है कि सिरीधर बाबा ने जानबूझकर नाग देवता से मशविरा करते हुए देह त्यागा था या कि अंजाने में वह ग़लती कर बैठा था।

रात को जब पत्नी ने मुझे झकझोरते हुए जगाकर पूछा कि मैं नींद में चीख क्यों रहा था, तो मुझे हल्का सा याद आया कि राजिंदर ने मेरी गर्दन पकड़ी हुई थी और वह पूरी भीड़ के सामने मुझसे तगाड़ी में रखे दूध को पीने को कह रहा था। संयोग से शनिवार की रात थी, फिर भी मैं नींद पूरी नहीं कर पाया और सुबह उठ गया। सुबह अखबार में रविवारी पत्रिका में एक युवा कवि की कविता थी जिसमें यह कहा गया था कि ये जो अंधविश्वासों को विज्ञान कहने वाले लोग अचानक चारों ओर दिखलाई पड़ने लगे हैं ये युगों से वंचित रहे हैं और हमें नई संस्कृति बनाने में उनका साथ देना पड़ेगा। यह वही अखबार था जिसमें शबनम काम करती थी। एकबारगी मुझे ध्यान आया कि हाल में कुछ वैज्ञानिकों ने दावा किया है कि ब्रह्मांड में ब्लैक होल यानी समस्त भौतिक जगत को खा जा सकने वाले अंधकूप सचमुच हैं नहीं। मुझे कहना पड़ेगा कि अंधकूप हैं - वे हमारे आसपास ही हैं। इसके पहले कि हम सब इसमें समा जाएँ मुझे कहना ही पड़ेगा। दिनभर मैं यह सोचता रहा। रविवार की रात को मैंने सपना देखा कि मैं मोहनदास करमचंद गाँधी से बातें कर रहा हूँ। हमारे बीच तगाड़ी में दूध है। अचानक मैंने गाँधी की गर्दन पकड़ ली और उसे तगाड़ी तक दबाकर कहने लगा कि पी दूध पी। फिर एक झटके से मैं जाग उठा। पड़ोस में किसी घर में कोई जोर से हँस रहा था। मुझे लगा रात के सन्नाटे में युवा कवि हँस रहा है और मुझे बधाई दे रहा है कि नई संस्कृति बनाने में मैं उसके साथ हो गया हूँ।

Labels:

Tuesday, April 22, 2014

घुघनी


आज से पैंतालीस साल पहले 22 अप्रैल 1969 में, जब मैं 11 साल का था और आठवीं में पढ़ता था, सी पी आई (एम एल) पार्टी बनी। नक्सलबाड़ी में विद्रोह की घटना को करीब दो साल हो चुके थे। बंगाल में '67 की पहली युक्त फ्रंट सरकार के गिरने और राष्ट्रपति शासन से बाद नई बनी सरकार में वाम की ताकत बढ़ी थी। पर संसदीय प्रणाली में रहकर अपने वादों को जल्दी पूरा करने में वाम दल सफल नहीं हो पा रहे थे। कोलकाता शहर युवा क्रांतिकारियों का गढ़ था। हर दूसरे दिन पता चलता कि किसी दादा (बड़े भाई) को पुलिस पकड़ कर ले गई है। हमलोगों को डराया जाता था कि घर से दूर मत जाना, नक्सल बम फोड़ रहे हैं। कहा जाता था कि लंबे बालों वाले किसी लड़के को देखते ही पुलिस उसके बाल काट देती है।

आम जनता की सहानुभूति नक्सलवादियों के साथ थी। आज जो लोग आआपा के प्रति शहरी मध्य-वर्ग के युवाओं के समर्थन से अचंभित हैं, उनकी कल्पना में नहीं आ सकता कि वह क्या वक्त था। इंकलाब की महक हवा में थी। बस अब कुछ समय में ज़माना बदलने को था। जो विरोध में थे, उनके कई तर्कों में एक था कि चीन भारत को हड़पने को आ रहा है।

न इंकलाब आया न चीन आया। बहुत सारे मेधावी युवा हमेशा के लिए धरती से उड़ गए। कई और कई सालों तक जेलों में पुलिसी बर्बरता का शिकार हुए।

जैसा हर आंदोलन में होता है, उस जुनून के भी कुछ महानायक थे। अपने अनुभव से मैंने जाना है कि हर महानायक अंततः एक साधारण आदमी होता है। हमें महान इंसानों को उनकी साधारणता में ढूँढना चाहिए। किसी को असाधारण मानते हुए हम अपनी जिम्मेदारियों से बच जाते हैं।

बहरहाल। यहाँ एक कहानी पेस्ट कर रहा हूँ, यह 1993 में समकालीन जनमत में छपी थी और कई साथियों को एतराज था कि यह मैंने क्या लिखा। एक ने संपादक को ख़त लिखा था कि लाल्टू आधुनिक लू शुन बनने का ख़्वाब देख रहा है - प्रशंसा नहीं, गुस्से में लिखी गई बात थी। पर जैसा मेरे दूसरे काम के साथ हुआ है, इस कहानी का भी कोई खास नोटिस नहीं लिया गया। इसी शीर्षक से मेरा कहानी संग्रह है, जो 1996 में आया था।

घुघनी

मुहल्ले के लड़के किराए की कुर्सियों पर बैठे गप मार रहे हैं। कैरम खेल खेलकर बोर हो गए हैं। जो ' ब्रिज' खेल रहे थे, वे भी ताश के पत्ते समेट कर अब एक दूसरे को बाबा सहगल से लेकर सुमन के गीतों के बारे में या फिर मोहन बागान – ईस्ट बंगाल के हाल के मैचों के बारे में सुना रहे हैं। सत्यव्रत घोष पूजा मंडप के नीचे एक कुर्सी पर अकेले बैठे हैं, पुराने दिनों की बातें याद आ रही हैं। ज़िंदगी के बासठ सालों में देखी कई पूजाएँ याद आ रही हैं। बचपन के वे दिन, जब अकाल बोधन के अवसर पर नए कपड़े पहनते थे और अब जब खुद नहीं, पर पोती रूना को हर दिन – षष्ठी से दशमी तक पाँच दिन अलग अलग नए कपड़े पहनते देखते हैं। अरे रूना गई कहाँ? यहीं तो बैठी थी! अपनी सुस्त गर्दन हिलाकर सत्यव्रत पीछे की ओर देखते हैं।
रूना एक वृद्ध का हाथ पकड़कर इधर ही आ रही है। वयस्क व्यक्ति का चेहरा जाना पहचाना सा है, पर फिर भी याद नहीं आता। इस मुहल्ले के तो नहीं हैं - कहीं ऐसा न हो कोई रिश्तेदार हो और याद ही नहीं आ रहा कि कौन है - ओफ ! उम्र बढ़ने के साथ साथ दिमाग ऐसा सुस्त होता जा रहा है !
रूना और वह वृद्ध व्यक्ति पास आ गए हैं। सत्यव्रत उनकी ओर देख रहे हैं, रूना कहती है - “ये रहे ठाकुरदा!"
सत्यव्रत 'नमस्कार' करते हैं और होंठों से धीरे से कहते हैं। फिर संकोच के साथ धीरे धीरे कहते हैं - "आप ... पहचान नहीं पा रहा।”
वह वृद्ध हँस रहे हैं। "चारु ... चारु दा ....” अरे ! वही तो हैं - वही दुबली पतली काया ! आँखों में चश्मा ... देखकर लगता है अभी गिर पड़ेंगे पर चारुदा तो...!”
”मैं ही हूँ रे ! बहुत सालों के बाद अचानक तेरे पास आने को मन हुआ !”
रूना अपने दादाजी सत्यव्रत की फैलती आँखों को विस्मय से देख रही है, सत्यव्रत हाथ उठा कर कहते हैं, ऊलाल सलाम चारुदा! पर...'
"अरे छोड़ रे! चल जरा अपनी बहू से बोल मेरे लिए अच्छी घुघनी बना दे। छोले की घुघनी वह बढ़िया बनाती है, यह तेरी पोती ने बतला दिया है।”
सत्यव्रत चारुदा को लेकर घर आते हैं। सत्यव्रत की पत्नी दरवाजा खोलती है। शांतश्री सत्यव्रत के साथ दुबले चश्माधारी बुजुर्ग को एक बार देखती हैं और तुरंत कहती हैं - “अरे चारुदा ! तुम ...”
”अरे शांतश्री ! सवाल मत करो ! अपनी बहू से कहो जरा मुझे घुघनी खिलाए – बहुत भूख लगी है।”
”अरे, बैठिए ..अंदर आइए । ध्रुवा, ओ ध्रुवा ...,” इससे पहले कि वह बहू से सुबह की बनाई घुघनी तश्तरी में डालकर लाने को कहें, अचानक चिंतित होकर शांतश्री पूछती है, ”पर घुघनी में तो मसाला बहुत होगा ...! सुबह की बनी है, बिना मसाले की ताजा बनवा लें तो ठीक रहेगा।”
“अरे पागल लड़की ! अब क्या मुझे मसालों से कोई डर है? ला, ला, भूख लगी है और बाद में मुझे पायस भी खिलाना।”
ध्रुवा प्लेट भर छोले रख जाती है। चारुदा प्यार से कहते हैं, ”माँ ! एक हरी मिर्च ले आना!” पानी का ग्लास हाथ में लेकर कहते हैं, ”अब ठंड के दिन आ रहे हैं, फ्रिज का पानी ठीक नहीं। ऐसा करो इसमें आधा ताजा पानी मिला लाओ। और सुनो, चाय मत बनाना, मैं चाय काफी अब नहीं पीता।”
इसी बीच रूना कहीं से एक छोटी डायरी लेकर सामने खड़ी हो गई है। देखते ही सत्यव्रत डाँटते हैं, “अभी नहीं, तू हर किसी को परेशान करने लगी है।"
रुना अकड़कर कहती है, “नहीं, हमारा अगला अंक तो कल ही निकल रहा है, मुझे आज ही इंटरविउ चाहिए।”
चारुदा हँसकर कहते हें, ”ओ ! तुम्हारी मिनी मैगज़ीन के लिए ! क्या तो नाम है - रविवार? हाँ, कल तो रविवार है न?”
सत्यव्रत सोच रहे हैं, उन दिनों अगर चारुदा को इस तरह खिला सकते, तो कितना आनंद आता। तब तो उबली सब्जियाँ और रोहू मछली का झोल, बिल्कुल फीका सा, यही बड़ी मुश्किल से खा पाते थे।
चारुदा मुँह में छोले भरकर कहते जा रहे हैं, “लिखो, लिखो, चारु मजुमदार, जन्म ... जन्म कब हुआ मुझे ही नहीं मालूम ... मौत 28 जुलाई 1972....।”
फिर हँस पड़े हैं चारुदा, “बचपन में मैं आम के पेड़ों पर चढ़ना बहुत पसंद करता था। कई कई दिन तो कहानियों की किताब हाथ में लेकर किसी आम के पेड़ पर चढ़कर डालियों पर लेटे लेटे किताब पढ़ता रहता - घंटों तक। फिर मेरे घरवाले मुझे ढूँढ़ने निकलते।
रूना पूछती है, ”आप स्कूल में फर्स्ट आते थे?”
“फर्स्ट ? ऐसी बात तो याद रहनी चाहिए ... शायद नहीं ...स्कूल में फर्स्ट आना तो कोई बड़ी बात नहीं ..।“ चारुदा अचानक चिंतित लगे। रूना फिर पूछती है, ”घुघनी कैसी लगी आपको?”
”घुघनी .. अरे वाह! बहुत बढ़िया है। जरा अपनी माँ से कहो कि थोड़ा और दे जाए।”
ध्रुवा खुद ही मुस्कराते हुए घुघनी भरा बर्तन ले आती है और कड़छी से डालती है। चारुदा उसको रोक नहीं रहे। सत्यव्रत परेशान होकर कह बैठते हैं - ”इतना खा लेने दो, फिर और देना।”
चारुदा कहते हैं, “अरे और नहीं - इसके बाद पायस खाऊँगा। तुम्हें याद है, पहली बार जब आया था, तब शांतश्री ने पायस ही खिलाया था, बहुत सारा। तुमने खूब कहा था कि सब्जी बना दें, पर रात के डेढ़ बज चुके थे, पायस पड़ा था और मैंने वही खाया।”
सत्यव्रत को याद नहीं। सत्यव्रत को 1971 के दो दिन ही याद आते हैं, जब चारुदा आए थे और मकान की हर खिड़की पर दो दिनों तक उनके साथी हर क्षण तैनात बैठे थे। तब घर में जो तनाव था, सत्यव्रत को लगता है वैसा फिर हो तो उन्हें तुरंत दिल का दौरा पड़ जाएगा। उन दो दिनों चारु दा सिर्फ उबली सब्जियाँ, सूप, रोहू मछली का फीका झोल, यही निगल सकते थे। और शायद दो दिनों में बिल्कुल न सोकर वे लिखते जा रहे थे - बीच बीच में अपने साथियों से मशविरा करते। सत्यव्रत को घर से निकलने से मना कर दिया गया था। कालेज छुट्टी की दरखास्त भेज दी थी, विभाग के साथी शिक्षक इंद्रजीत बनर्जी हाल पूछने आ बैठे तो शांतश्री ने दरवाज़े से ही कह दिया, “वे तो टालीगंज गए हैं। ” और बैठने को भी नहीं कहा।
दीवार की ओर ताक रहे हैं चारुदा। सामने बरामदे की ओर खिड़की पर अब कोई तैनात नहीं। अब कोई पुलिसवाला वर्दी में भी गुज़र जाए तो किसी को परवाह न होगी। फिर भी ऐसा ख्याल मन में आते ही सत्यव्रत काँप उठे। अपनी परेशानी को छिपाते दीवार पर लगे कैलेंडर को दिखाकर कहते हैं - “यह ध्रुवा ने बनाया है। इनका महिला संगठन है, उनके लिए।”
“हाँ, हाँ” और चारुदा लपककर उसकी डायरी लेते हैं, ”मैं यहीं बना देता हूं, तुम चिपका लेना।”
चारुदा ने एक बड़ा मेंढ़क बनया है। एक पेड़ और एक गोल-गाल सा चेहरा पेड़ के ऊपर।
रूना पूछती है, “यह मॉडर्न पेंटिंग है ?”
“हां, मॉडर्न है, ठहरो, मैं साइन कर दूँ।” चारुदा साइन करते हैं। सत्यव्रत उत्सुकता छिपा नहीं पाते - करीब आकर देखते हैं - चारुदा ने बड़े स्टाइल से लिखा है- सी एम।
शांतश्री अचानक बोल उठती हैं, “आप हमेशा ही ऐसे थे क्या?”
चारुदा हंसते हैं, “पता नहीं क्या-क्या था रे, मुझे सब थोड़े ही पता है! कई दफा लगता है कि मैं चाहता तो चूनी गोस्वामी की टीम में खेलता। अरे! स्कूल में तो खूब खेला करता था मैं। सेंटर फारवर्ड था...।”
सत्यव्रत का मुँह खुला हुआ है। सामने के दाँत टेढ़े मेढ़े हैं। काले हो चुके हैं। अचानक सिगरेट की तलब होती है। पर बेटे ने घर के अंदर सिगरेट पीने से मना किया हुआ है। पूछते हैं, “चारुदा ! आप सिगरेट पिएँगे?”
“ना! वह सब तभी छूट गया था !”
अचानक शांतश्री कहती है, “हमलोग तो इंतजार कर रहे थे कि रविवार को आपको हमारे घर आना था, फिर 16 तारीख को रेडियो पर सुना....।” इतनी पुरानी बातें, शांतश्री को कैसे याद रहती हैं, सत्यव्रत सोच रहे हैं।
चारुदा सुन नहीं रहे ...। बरामदे की ओर दरवाजे पर लगा परदा हवा में उड़ रहा है। उस ओर ताक कर बोल उठे, “उन दिनों वह नया लड़का था, सुभाष भौमिक। अच्छा खेल रहा था... बहुत इच्छा थी कभी उसका खेल देखूं।”
सत्यव्रत अचानक पूछते हैं। "चारुदा, कभी तुम्हें ऐसा नहीं लगता कि सब कुछ ग़लत हुआ – अगर फिर से करना हो तो...।”
चारुदा टोककर रूना से पूछते हैं, “क्यों, मेंढक ठीक बना? मॉडर्न मेंढक है!”
”अरे बहू ! पायस तो खिलाओ !”
चाव से पायस खाते हैं चारुदा।
सत्यव्रत उठकर दूसरे कमरे में जाते हैं। वहाँ मेज पर फाइल है - हाल के कई जन आंदोलनों के परचे, सँभालकर रखे हुए हैं। बेटे के काग़जों से निकालकर उन्होंने अपनी फाइल में रखे हैं। मन हो रहा है चारुदा को दिखलाएँ। पर फाइल उठाकर फिर वापस रख देते हैं। हल्के कदमों से वापस आ जाते हैं। चारुदा रूना से पूछ रहे हैं - “इस बार कितने कपड़े लिए पूजा पर?”
“चार... नहीं पाँच... चार फ्राक, एक सलवार कमीज़!”
”वाह, सलवार कमीज़ कब पहनोगी?”
”नवमी के दिन ... कल वो फूलों वाला फ्रॉक पहनूंगी। देखेंगे ?”
चारुदा रूना का फ्राक देख रहे हैं, कहते हैं, ”अगली दफा मैं तुम्हारे लिए नए किस्म के पकड़े लेकर आऊंगा - क्या चाहोगी तुम?”
रूना उछलकर कहती है, ”जीन्स के पैंट।”
”अच्छा,” सत्यव्रत की ओर देखकर पूछते हैं चारुदा, ”कितनी कीमत होगी जीन्स के पैंट की ?”
शांतश्री जवाब देती हैं, “सौ रुपए से कम में तो नहीं मिलेगा।”
चारुदा सोच रहे हैं। क्या सोच रहे हैं - सत्यव्रत खुद अर्थशास्त्र पढ़ाते रहे हैं, पर दो साल हुए रिटायर हो जाने के बाद विषय के बारे में कम ही सोचते हैं। चारुदा मुद्रास्फीति के बारे में सोच रहे होंगे, सत्यव्रत का यह ख्याल बिल्कुल झुठलाकर चारुदा शांतश्री से पूछते हैं, “तुमने कभी जीन्स के पैंट पहने हैं?”
शांतश्री खिलाखिला उठी हैं। ध्रुवा भी। रूना भी हंस रही है। सत्यव्रत सिर झुकाकर उदास बैठे हैं। उन्हें अचानक लग रहा है कि वे रो पड़ेंगे। परेशानी में अपनी गर्दन इधर उधर हिला रहे हैं।
चारुदा उठकर सत्यव्रत के कंधों पर हाथ रखते हैं। "यंगमैन, उठो। तुम्हारे बेटे से मुलाकात नहीं हुई। कोई बात नहीं, इस घुघनी का नशा अब छूटेगा नहीं। अब मैं आता रहूंगा - आज चलूं?”
सत्यव्रत अभी भी सिर झुकाए बैठे हैं। काश वे युवा होते, या कोई छोटा बच्चा... मन हो रहा है शांतश्री के वक्ष में सिर छिपाकर फूट फूटकर रोएँ। या चारुदा के सीने पर मुक्के मार मारकर बिलख उठें।
चारुदा चल पड़े हैं। "तुम लोग बैठो, मैं चलूँ।” शांतश्री दरवाजे तक आती हैं। फिर वे सब बरामदे में आते हैं और चारुदा को जाता हुआ देखते हैं। वे तब तक उन्हें देखते हैं, जब तक कि वे दूर कोने वाले मकान पार कर मुड़ नहीं जाते। फिर चारुदा विलीन हो गए।
सत्यव्रत परदा पकड़े हुए खड़े हैं। अचानक कहते हैं - “बहू, जरा मुझे भी थोड़ी सी घुघनी खिलाओ।”
शातंश्री कहती हैं, “सुबह तो तुम्हारा पेट ढीला जा रहा था!”
सत्यव्रत की आँखों में एक उदास आँसू छलकता है।
(समकालीन जनमत - 1994)

Labels: , , ,